CIA एजेंट बनकर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को लगाया 425 करोड़ का चूना! भारतवंशी कारोबारी पर बड़ा खुलासा
भारतवंशी कारोबारी गौरव श्रीवास्तव एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गए हैं। अमेरिका में पहले से धोखाधड़ी के कई मामलों का सामना कर रहे गौरव पर अब इंडोनेशिया में भी करोड़ों रुपये के कथित रक्षा घोटाले का आरोप लगा है। खोजी संस्था OCCRP और इंडोनेशिया की प्रतिष्ठित पत्रिका Tempo की संयुक्त जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गौरव श्रीवास्तव ने खुद को अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA का एजेंट बताकर इंडोनेशिया के वर्तमान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो (जो उस समय रक्षा मंत्री थे) का भरोसा जीता और रक्षा सौदों के नाम पर लगभग 425 करोड़ रुपये का फर्जी कर्ज मंजूर करा लिया।
रक्षा सौदों के नाम पर रची गई कथित साजिश
रिपोर्ट के मुताबिक, गौरव श्रीवास्तव ने दावा किया था कि वह इंडोनेशिया को अमेरिका से 36 F-15 लड़ाकू विमान, ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और अत्याधुनिक मिलिट्री कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम उपलब्ध करा सकता है।...

