
देहरादून के बैरागीवाला में झगड़े का सीसीटीवी फुटेज आया सामने। इस कदर हो रही थी मारपीट। आरोपित हुए कैमरे में कैद। फुटेज
विकासनगर (देहरादून)। बैरागीवाला में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के पीछे केवल पानी का विवाद नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश भी बड़ा कारण बताया जा रहा है। यह दावा गांव के प्रधान विक्की कश्यप ने किया है।
उनका कहना है कि पानी का विवाद घटना से चार-पांच दिन पहले हुआ था और मौके पर ही सुलझ भी गया था, लेकिन दोनों परिवारों के बीच तनाव काफी समय से चला आ रहा था।
ग्राम प्रधान के अनुसार विनोद कश्यप आरटीआइ कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय थे। उन्होंने ग्राम पंचायत से जुड़े मामलों में वर्ष 2024 में सूचना के अधिकार के तहत कई जानकारियां मांगी थीं।
इन मामलों की जांच के लिए कई बार अधिकारी गांव पहुंचे थे। प्रधान का दावा है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कटुता बढ़ी और रंजिश गहराती चली गई। विक्की कश्यप का कहना है कि पंचायत से जुड़े मामलों में हुई कार्रवाई के बाद तनाव लगातार बना रहा।
उनके अनुसार पानी का विवाद केवल तत्काल कारण बना, जबकि दोनों पक्षों के बीच पहले से मनमुटाव था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के सभी कारणों को खंगाल रही है।
सौहार्द के लिए पहचान था बैरागीवाला, अब पसरा है गम
ग्राम प्रधान विक्की कश्यप का कहना है कि बैरागीवाला वर्षों से सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है। गांव की आबादी करीब तीन हजार है और यहां विभिन्न समुदायों के लोग लंबे समय से साथ रहते आए हैं।
धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी लोग मिल-जुलकर हिस्सा लेते रहे हैं। उनका कहना है कि विनोद कश्यप हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और गम का माहौल है।
लोगों की सबसे बड़ी इच्छा यही है कि हालात जल्द सामान्य हों और गांव में फिर से शांति और भरोसे का वातावरण लौटे। पुलिस और प्रशासन भी लगातार लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
