

भोपाल। राजधानी भोपाल में एलएनसीटी (LNCT) ग्रुप के शैक्षणिक संस्थानों और उससे जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। फीस, छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) और शिक्षा ऋण से जुड़े करीब 200 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ईडी की टीम दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) द्वारा दर्ज एफआईआर के बाद यह मामला ईडी के संज्ञान में आया। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विभिन्न खातों, संस्थाओं और कंपनियों के बीच धन का प्रवाह किस प्रकार हुआ और कथित तौर पर राशि का उपयोग किन उद्देश्यों के लिए किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, छात्रों से वसूली गई बस फीस, हॉस्टल फीस और अन्य शुल्कों के साथ-साथ छात्रवृत्ति की राशि को निर्धारित खातों में जमा करने के बजाय अन्य कंपनियों और खातों में ट्रांसफर किए जाने के आरोप हैं। जांच में कल्चुरी कॉन्ट्रैक्टर्स लिमिटेड का नाम भी सामने आया है।
मामले में यह आरोप भी शामिल है कि शिक्षा संस्थानों के लिए लिए गए बड़े बैंक लोन का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य कार्यों और निजी संपत्तियों के निर्माण में किया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ईडी फिलहाल बैंकिंग रिकॉर्ड, अकाउंट स्टेटमेंट, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं आस्था फाउंडेशन और अन्य संबंधित सोसायटियों की वित्तीय गतिविधियां भी एजेंसियों के रडार पर हैं।
फिलहाल ईडी की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
