प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज ड्रामा: नाबालिग से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नीमखेड़ा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान प्रकाश बारेला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात करीब 2 बजे टावर पर चढ़ा था और सुबह तक वहीं बैठा रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही बटियागढ़ पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय राजस्व अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करती रही। वहीं युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रकाश बारेला गांव की एक नाबालिग लड़की से प्रेम करता है और उससे शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि इसी मांग को लेकर उसने यह कदम उठाया और मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का कहना है कि उसकी मांग पूरी होने तक वह नीचे नहीं उतरेगा।

पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने और शांतिपूर्वक नीचे उतरने के लिए लगातार बातचीत की। प्रशासन द्वारा भी स्थिति पर नजर बनाए रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच युवक के इस कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *