भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: तेरहवीं में उमड़ा जनसैलाब, मां बोली- सम्राट और उनकी पुलिस पर भरोसा नहीं

बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेरहवीं पर मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए, जहां श्रद्धांजलि के साथ सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। आयोजन समिति के अनुसार करीब 25 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है, जबकि जरूरत पड़ने पर 15 हजार अतिरिक्त लोगों के लिए भी राशन का स्टॉक रखा गया है।

भरत तिवारी की तेरहवीं के दौरान बड़ी संख्या में लोग उस स्थान पर भी पहुंचे, जहां 17 जून को पुलिस और भरत तिवारी के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी भी की।

कार्यक्रम के दौरान भरत तिवारी की मां ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें “सम्राट और उनकी पुलिस पर भरोसा नहीं है।” उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और न्याय मिलने की उम्मीद जताई।

गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान भरत तिवारी को मार गिराया था। पुलिस का दावा था कि वह कई आपराधिक मामलों में वांछित था, जबकि परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

तेरहवीं के आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ और परिवार के बयानों के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *