
मुरैना। जिले के हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्रियों में भगदड़ मच गई। जान बचाने की कोशिश में कई यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए। इसी दौरान सामने वाले ट्रैक पर तेज गति से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19665) में यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों के बीच अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई। अफवाह के कारण डरे-सहमे यात्रियों ने बिना स्थिति की पुष्टि किए ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। कई यात्री रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए, जहां दूसरी ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20424) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में मृतकों की पहचान आफरीन (35 वर्ष), अशद (4 वर्ष), सकुंतला (60 वर्ष) और वीरमा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण आग लगने की अफवाह को माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है।
