
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही भाभी को पाने के लिए सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी भी इस हत्या की साजिश में शामिल थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

खेत में मिला था युवक का लहूलुहान शव
घटना थाना सदर क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके की है। बुधवार सुबह चिरोटी बाग स्थित एक खेत में 22 वर्षीय अमित उर्फ सोमू का रक्तरंजित शव मिला था। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
मृतक के छोटे भाई भोला ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए अमित के एक सहकर्मी पर हत्या का शक जताया था। लेकिन पुलिस की गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में अमित के घर से निकलने के कुछ समय बाद उसका छोटा भाई भोला भी उसके पीछे जाता दिखाई दिया। एक अन्य फुटेज में हत्या के बाद भोला को घटनास्थल से भागते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

भाभी से थे अवैध संबंध
पूछताछ में भोला ने बताया कि अमित की शादी चार महीने पहले खुशी नामक युवती से हुई थी। शादी से पहले ही उसकी खुशी से दोस्ती थी और दोनों इंस्टाग्राम पर बातचीत करते थे। शादी के बाद भी दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और अवैध संबंध बन गए।
कुछ दिन पहले अमित ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद परिवार में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान खुशी और भोला ने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पत्थर से कुचलकर की हत्या, फिर घोंटा गला
घटना वाले दिन अमित काम पर जाने के लिए निकला था। भोला भी चुपचाप उसके पीछे हो लिया। रास्ते में जब अमित खेत में रुका तो भोला ने मौका देखकर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। अमित के बेहोश होने के बाद उसने गमछे से उसका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद आरोपी ने अपने हाथ-मुंह धोए, कपड़े साफ किए और घर लौटकर सामान्य व्यवहार करने लगा। इतना ही नहीं, वह लोगों के बीच शामिल होकर रोने का नाटक भी करता रहा।

मायके से लाई थी चूहामार दवा
मृतक के बड़े भाई मांगे का आरोप है कि खुशी लंबे समय से अमित को रास्ते से हटाने की कोशिश कर रही थी। वह अपने मायके से चूहामार दवा लेकर आई थी और खाने में मिलाकर अमित को देने का प्रयास भी किया था। हालांकि अमित ने उसका खाना खाना बंद कर दिया था, जिससे उसकी योजना विफल हो गई।
परिजनों का कहना है कि खुशी ने ही भोला को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उसके मन में गलत विचार भरे और हत्या के लिए उकसाया।

गिरफ्तारी के बाद भी नहीं दिखा पछतावा
पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद भी दोनों आरोपियों के चेहरे पर किसी प्रकार का पछतावा दिखाई नहीं दिया। मेडिकल जांच के दौरान भी दोनों सामान्य और मुस्कुराते हुए नजर आए।

पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि युवक की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई। जांच में मृतक की पत्नी और छोटे भाई की साजिश सामने आई है। घटना में इस्तेमाल पत्थर और गमछा बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
यह घटना प्रेम, विश्वासघात और पारिवारिक रिश्तों के टूटते विश्वास की एक भयावह तस्वीर पेश करती है, जिसने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।
