भोपाल में भाजपा सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरी ABVP, MLB कॉलेज के पास शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन

भोपाल। राजधानी भोपाल में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षण संस्थानों के आसपास के माहौल को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पॉलिटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए और महारानी लक्ष्मीबाई (MLB) गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्राओं के कॉलेज के समीप शराब दुकान का संचालन सुरक्षा और सामाजिक वातावरण दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

छात्रों ने पोस्टरों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराते हुए संदेश दिए कि “शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी” और “जहां ज्ञान की ज्योति जलती है, वहां शराब की दुकान नहीं चलती।”

एबीवीपी का आरोप है कि कॉलेज के पास शराब दुकान संचालित होने से छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। परिषद के अनुसार, इलाके में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने से छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से कॉलेज परिसर और बस स्टॉप के आसपास छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

प्रदर्शन के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भोपाल कलेक्टर ने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले का परीक्षण कर सात दिनों के भीतर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में शराब दुकान नहीं हटाई गई तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *