

अयोध्या राम मंदिर जमीन घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाया। चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) को संजय सिंह ने जमीन घोटाले से जुड़े 11 अहम सबूत सौंपे।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे संजय सिंह लखनऊ स्थित एसआईटी अध्यक्ष विजय विश्वास पंत के कार्यालय पहुंचे। वह करीब 12 मिनट तक कार्यालय में रहे और जांच से जुड़े दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे।
कार्यालय से बाहर निकलने के बाद संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने जमीन घोटाले से जुड़े सभी अहम सबूत एसआईटी को दे दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इतने दस्तावेज सामने आ चुके हैं तो अब तक इस मामले में एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई।
संजय सिंह ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब सभी की नजर एसआईटी की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि इन सबूतों के आधार पर जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाती है।
