

जालौन जिले के कालपी क्षेत्र में डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ शातिर आरोपियों ने युवती बनकर दो युवकों को जंगल में मिलने के लिए बुलाया और फिर उनकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों से दोस्ती की। इसके बाद उन्हें कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ स्थित वन क्षेत्र में अलग-अलग समय पर मिलने के लिए बुलाया गया।
पहले मामले में 16 जून को आटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को जंगल में बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने उसे बंधक बना लिया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके मोबाइल से 16 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। साथ ही मोबाइल और तीन हजार रुपये नकद भी छीन लिए।
दूसरे युवक के साथ भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल व नकदी लूट ली।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप पर अनजान लोगों से सावधानी बरतें तथा किसी भी व्यक्ति से मिलने के लिए सुनसान स्थानों पर न जाएं।
