नायरा ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 किया सस्ता, भोपाल में नई कीमतें लागू | जानिए क्यों घटीं कीमतें

भोपाल। देश की प्रमुख निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल की कीमत में ₹5 प्रति लीटर और डीजल की कीमत में ₹3 प्रति लीटर की कटौती कर दी है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इसके बाद मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नायरा के पेट्रोल की कीमत ₹119.79 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹102.57 प्रति लीटर हो गई है।

यह राहत ऐसे समय में मिली है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि सरकारी तेल कंपनियों ने अभी तक अपने पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है।

भोपाल में पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें

नायरा एनर्जी द्वारा कीमतों में कटौती के बाद भोपाल में पेट्रोल का दाम लगभग ₹125 से घटकर ₹119.79 प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल ₹106 से घटकर ₹102.57 प्रति लीटर बिक रहा है। अलग-अलग राज्यों में वैट और स्थानीय टैक्स अलग होने के कारण अन्य शहरों में कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल सकता है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट बनी बड़ी वजह

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटकर करीब 73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई हैं। कुछ समय पहले अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था। अब वैश्विक तनाव कम होने के साथ ही तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिसका फायदा नायरा एनर्जी ने सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है।

सरकारी कंपनियों ने नहीं बदले दाम

फिलहाल इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई कटौती नहीं की है। इन सरकारी कंपनियों के देशभर में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप हैं और भारतीय ईंधन बाजार में इनकी हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से ज्यादा है।

मई महीने में इन्हीं कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगे कच्चे तेल का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल ₹7.50 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।

देशभर में 7 हजार से अधिक पेट्रोल पंप

नायरा एनर्जी के देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं और भारतीय फ्यूल रिटेल बाजार में कंपनी की लगभग 7 प्रतिशत हिस्सेदारी है। नई कीमतें कंपनी के सभी आउटलेट्स पर लागू कर दी गई हैं।

रूस की रोसनेफ्ट की हिस्सेदारी

नायरा एनर्जी में रूस की प्रमुख तेल कंपनी रोसनेफ्ट की हिस्सेदारी है। कंपनी गुजरात के वाडिनार में देश की दूसरी सबसे बड़ी सिंगल-साइट रिफाइनरी संचालित करती है, जो भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता का लगभग 8 प्रतिशत योगदान देती है।

इसके अलावा कंपनी पेट्रोकेमिकल्स, बायोफ्यूल और ग्रीन एनर्जी सेक्टर में भी निवेश बढ़ा रही है। 1,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर सोलर पावर सिस्टम लगाए जा चुके हैं और इथेनॉल परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

1 जुलाई से कई बड़े बदलाव भी लागू

1 जुलाई से देशभर में कई अहम बदलाव लागू हुए हैं। इनमें कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर करीब ₹180 तक सस्ता हुआ है। वहीं पासपोर्ट बनवाने और री-इश्यू कराने की फीस में बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन डीजल भरवाने की 200 लीटर की सीमा भी समाप्त कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *