

बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि पैपराजी के साथ हुई तीखी बहस है। गोल्ड स्ट्रीमिंग अवॉर्ड्स के दौरान नेहा धूपिया ने फोटोग्राफर्स को बैक शॉट वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर जमकर फटकार लगाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अवॉर्ड सेरेमनी में सम्मान लेने के बाद जब नेहा धूपिया बाहर निकल रही थीं, तभी पैपराजी ने उनके ग्रे हेयर को लेकर टिप्पणी की। इसके बाद अभिनेत्री अचानक नाराज हो गईं और कैमरे के सामने ही पैपराजी को खरी-खरी सुना दी।
नेहा धूपिया ने कहा,
“बोल लिया? कर लिया? ये बदतमीजी से बैक शॉट कौन लेता है तुम लोगों में से? कौन लेता है? छापता कौन है? मत करो। मेरा नहीं करना है, किसी का नहीं करना है। बोल-बोलकर थक गए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी कलाकार की निजता का सम्मान किया जाना चाहिए। नेहा ने साफ शब्दों में कहा कि कलाकार जब सार्वजनिक कार्यक्रमों में आते हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि उनकी हर गतिविधि को गलत एंगल से रिकॉर्ड किया जाए।
उन्होंने पैपराजी से कहा,
“हम लोगों का काम नहीं है ये। हम बाहर आते हैं, तो आप लोग बैग उठाकर, बुक उठाकर, पीछे से चलते हुए वीडियो बनाते हैं। ये सब नहीं चलेगा। बंद करो ये सब। बहुत इज्जत से आप लोगों से बात करते हैं, लेकिन ये बिल्कुल मत करो।”
पहले भी वायरल हुआ था बैक शॉट वीडियो
गौरतलब है कि कुछ समय पहले नेहा धूपिया का अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति जहीर इकबाल के साथ रनिंग करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में अभिनेत्री के बैक शॉट का इस्तेमाल किया गया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई थी। माना जा रहा है कि उसी घटना के बाद से नेहा इस तरह की वीडियोग्राफी को लेकर ज्यादा संवेदनशील हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
नेहा धूपिया का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने अभिनेत्री का समर्थन करते हुए कहा कि सेलिब्रिटी होने का मतलब उनकी निजी गरिमा से समझौता करना नहीं है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सार्वजनिक आयोजनों में मीडिया कवरेज सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती है, लेकिन मर्यादा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

