

आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, 45 दिन बाद खुला सनसनीखेज राज
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के बाद उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, शव के ऊपर नया फर्श बनवा दिया और करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला के जेठ को उसके व्यवहार पर शक हुआ और पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पति के लापता होने का रचा पूरा नाटक
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में अपनी पत्नी रूबी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे।
महिला ने हत्या के बाद अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन कर बताया कि घर में पुलिस का कोई मामला हो गया है और वह तुरंत आकर बच्चों और मां को अपने साथ ले जाएं। उसने उन्हें घर के अंदर आने से भी मना कर दिया और करीब 100 मीटर दूर से ही बच्चों और सास को उनके साथ भेज दिया।
इसके बाद उसने परिवार को यह कहानी सुनाई कि सुरेंद्र झगड़ा करके 5 हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं और कुछ दिनों बाद खुद फोन करेंगे।
राजस्थान चली गई, फिर लौटकर बनवा दिया नया फर्श
परिवार को गुमराह करने के बाद रूबी खुद भी राजस्थान चली गई। करीब एक सप्ताह बाद वापस आगरा लौटी और मजदूर बुलाकर बाथरूम में नया फर्श बनवा दिया। इस दौरान किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ।
45 दिनों तक पुलिस के साथ पति को खोजती रही
जब कई दिनों तक सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को उनके बड़े भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई।
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी महिला खुद पुलिस के साथ पति की तलाश करती रही। वह CCTV फुटेज भी देखती थी और कई बार रोने का नाटक कर परिवार और पुलिस को यह विश्वास दिलाती रही कि उसे भी अपने पति की चिंता है।
जेठ को हुआ शक, फिर खुला पूरा राज
समय बीतने के साथ महिला का व्यवहार उसके जेठ को संदिग्ध लगने लगा। शुक्रवार को उन्होंने रूबी से कहा कि अगर वह किसी परेशानी में है तो सच बता दे, वह उसका साथ देंगे।
इसके बाद रूबी ने कथित तौर पर हत्या की पूरी सच्चाई कबूल कर ली।
खीर में मिलाईं 18 से ज्यादा नींद की गोलियां
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर उसने कथित रूप से खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद उसने शव को कमरे से घसीटकर बाथरूम तक पहुंचाया, वहां गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया।
फर्श तोड़ने पर मिला कंकाल
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हत्या की योजना अकेले बनाई गई थी या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।
